व्यापार मेले में एयरपोर्ट अथॉरिटी के पैवेलियन को मिला गोल्ड अवॉर्ड

नयी दिल्ली, 27 नवंबर (वार्ता) दिल्ली के भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर तक आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के पैवेलियन को लोगों ने खूब सराहा और समापन के दिन आयोजित कार्यक्रम में सार्वजनिक उपक्रमों की श्रेणी में इसे गोल्ड अवॉर्ड प्रदान किया गया।

पैवेलियन के खूबसूरत डिजाइन और आकर्षक डिजिटल अनुभव ने आम लोगों और बच्चों को खूब लुभाया और उन्हें देश के विमानन क्षेत्र के बारे में विस्तार से जानने का मौका मिला।

एएआई के अध्यक्ष विपिन कुमार ने भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) के प्रबंध निदेशक नीरज खरवाल के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया।

इस पैवेलियन को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की थीम पर तैयार किया गया था। इसका द्वार वृत चाप के आकार का बनाया गया था जिसे एलईडी से प्रकाशित किया गया था। पैवेलियन के अंदर विभिन्न हवाई अड्डों के मॉडल, इंटरैक्टिव टच कियोस्क, एनामॉर्फिक डिस्प्ले वॉल आदि थे। कियोस्क पर लोगों ने उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) योजना, स्टार्टअप नीति, एएआई-रूट्स एशिया 2025 और देश के हवाई नेटवर्क मानचित्र के बारे में जानकारी ली।

इन 14 दिनों के दौरान ‘एयर क्विज’ आयोजित किये गये। एक सेल्फी जोन भी बनाया गया था जहां लोगों ने पायलट, एटीसी कर्मचारी और विमानन से जुड़े अन्य कर्मचारियों के रूप में अपनी सेल्फी ली।

 

Next Post

दिल्ली-एनसीआर में डाटा अपलोड में एयरटेल, डाउनलोड में जियो का नेटवर्क नंबर एक

Thu Nov 27 , 2025
नयी दिल्ली, 27 नवंबर (वार्ता) भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने दिल्ली-एनसीआर में नेटवर्क आंकलन की रिपोर्ट गुरुवार को जारी की जिसमें डाटा डाउनलोड स्पीड में रिलायंस जियो और अपलोड स्पीड में एयरटेल पहले नंबर पर रहा। नेटवर्क आंकलन के लिए फील्ड परीक्षण 06-10 अक्टूबर के दौरान किये गये थे। […]

You May Like