भारतीय टीम को गुवाहाटी में साउथ अफ्रीका के हाथों करारी और शर्मनाक टेस्ट हार मिली। दूसरे टेस्ट में भारत की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढह गई।
गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए कई कड़वी यादें छोड़ दीं। साउथ अफ्रीका ने भारत को 408 रनों से मात देकर न सिर्फ मैच जीता, बल्कि दो मैचों की टेस्ट सीरीज को भी 2-0 से अपने नाम कर लिया। लगातार दूसरी बार किसी विदेशी टीम ने भारत को उसके घर में क्लीन स्वीप किया है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने भी टीम इंडिया को मात दी थी।
बल्लेबाजी ने फिर किया निराश
पहली पारी की कमजोर बल्लेबाजी के बाद उम्मीद थी कि भारतीय बल्लेबाज दूसरी पारी में स्थिति संभाल लेंगे, लेकिन हालात और खराब हो गए। 549 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम सिर्फ 140 रन बनाकर ढेर हो गई। स्पिन और पेस दोनों के सामने भारतीय बल्लेबाज लड़खड़ा गए। टीम का टॉप ऑर्डर हो या मिडिल ऑर्डर हर कोई दबाव में टूटता नजर आया। यह हार रनों के लिहाज से भारत के टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी हार बन गई।
