फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव, आठ माह पूर्व हुई थी शादी 

पिपलियामण्डी। टीलाखेड़ा में बुधवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जब महज आठ माह पूर्व विवाह बंधन में बंधी एक नवविवाहिता का शव उसके ही घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। शांत इलाके में हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार टीलाखेड़ा में पोस्ट ऑफिस के सामने वाली गली में रहने वाले पीयूष माली की पत्नी सोनाली उर्फ सोना (22) ने बुधवार को दोपहर के समय संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। सुबह घर पर कोई मौजूद नहीं था। दोपहर लगभग 12.30 बजे सोनाली के ससुर गोपाल माली घर लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में आसपास के लोगों की मदद से खिड़की तोड़ी गई, जिसके बाद अंदर का दृश्य देखकर सबके होश उड़ गए। सोनाली पंखे पर बांधे गए फंदे से लटकी हुई थी। तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ आई और घर के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर मल्हारगढ़ एसडीओपी नरेन्द्र सोलंकी, पिपलियामंडी टीआई संदीप मंगोलिया, चौकी प्रभारी भीमसिंह राठौड़ सहित पुलिस दल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने पूरे घर और कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच के बाद उस कमरे को सील कर दिया गया, जिसमें सोनाली का शव मिला था। पुलिस ने शव को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मंदसौर भेजा। मंदसौर पैनल टीम द्वारा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शाम को अंतिम संस्कार हुआ। परिवार और ग्रामीणों के अनुसार सोनाली की शादी मात्र आठ माह पूर्व ही पीयूष माली से हुई थी। उसका मायका और ससुराल दोनों टीलाखेड़ा में ही हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसडीओपी नरेन्द्र सोलंकी ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही जांच आगे बढेगी। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारण सामने नही आए है। लेकिन हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। सोनाली हमेशा शांत स्वभाव की थी और किसी तरह की परेशानी की जानकारी कभी सामने नहीं आई। इसलिए यह घटना सभी के लिए रहस्य बनी हुई है। घटना से पूरे क्षेत्र में में शोक की लहर है।

Next Post

ओंकारेश्वर में करोड़ों की विकास योजनाओं का शुभारम्भ 

Wed Nov 26 , 2025
ओंकारेश्वर। लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह ने बुधवार को ओंकारेश्वर में आयोजित सरकारी कार्यक्रम में मांधाता विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर निर्माण कार्यों की शुरुआत की। यह पूरा कार्यक्रम जिला कलेक्टर ऋषभ गुप्ता की अनुपस्थिति में अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा के […]

You May Like