भाजपा नेताओं ने दिल्ली, बिहार दोनों चुनावों में वोट डाला , आप ने लगाया आरोप

नयी दिल्ली 06 नवंबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाते हुए गुरुवार को दावा किया कि उसके कई नेताओं ने दिल्ली तथा बिहार दोनों विधानसभा चुनावों में वोट डाला और चुनावी नियमों का उल्लंघन किया है।

दिल्ली में आप के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर सबूत पेश करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सांसद राकेश सिन्हा, दिल्ली पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा और पार्टी कार्यकर्ता नागेंद्र कुमार ने गत पांच फरवरी को दिल्ली में और फिर आज (06 नवंबर) को बिहार में वोट डाला। उन्होंने सवाल उठाया कि बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बावजूद ये लोग दो अलग-अलग राज्यों में वोट कैसे डाल सकते हैं जबकि एसआईआर का उद्देश्य दोहराव को रोकना था।

श्री भारद्वाज ने आरोपी नेताओं के सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला देते हुए संतोष ओझा के सत्यापित इंस्टाग्राम अकाउंट से गुरुवार का एक पोस्ट दिखाया, जिसमें उन्होंने बिहार के बक्सर में मतदान किया था। इसके साथ ही गत पांच फरवरी का एक पोस्ट भी दिखाया जिसमें श्री ओझा ने दिल्ली में मतदान करने का दावा किया था। श्री सिन्हा और श्री कुमार के बारे में भी इसी तरह के दावे किए गए थे।

आप नेता ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर चिंता व्यक्त करते हुए पूछा कि कितने लोगों ने कई राज्यों में मतदान किया होगा। उन्होंने जनता से लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीकों से अपनी आवाज उठाने का आग्रह किया, जिसे उन्होंने “वोट चोरी” कहा।

आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि बिहार में एसआईआर का पर्दाफाश हो गया है। उन्होंने भाजपा समर्थकों पर तंज कसते हुए कई राज्यों में मतदान करने के लिए “ऑल इंडिया परमिट” रखने का आरोप लगाया।

 

Next Post

ईडी ने धन शोधन मामले में क्रिकेटर रैना और धवन की 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की

Thu Nov 6 , 2025
नयी दिल्ली, 06 नवंबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरूवार को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत पूर्व भारतीय क्रिकेटरों सुरेश रैना और शिखर धवन की 11.14 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति कुर्क की। कुर्की में सुरेश रैना के नाम पर 6.64 करोड़ रुपये मूल्य के […]

You May Like