
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने बुधवार को सीआईएम विभाग में आयोजित एक समारोह में टॉन्स एचईपी (11 केवी, 105 मेगावाट) हेतु विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए हाइड्रो स्टेटर बार्स का औपचारिक हस्तांतरण किया। यह कार्यक्रम एचईपी भोपाल के महाप्रबंधक एवं यूनिट प्रमुख प्रदीप कुमार उपाध्याय की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ।
ग्राहक की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए ये स्टेटर बार्स अल्प अवधि में उच्च तकनीकी मानकों के साथ निर्मित किए गए। समारोह के दौरान उप महाप्रबंधक (सीआईएम) प्रीति निमजे ने इन स्टेटर बार्स को वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (एचजीएम) विशाल शर्मा को विधिवत् सौंपा।
अपने संबोधन में श्री उपाध्याय ने सीआईएम विभाग की टीम की सराहना करते हुए कहा कि समय पर आपूर्ति, तकनीकी उत्कृष्टता, टीम वर्क और ग्राहक प्रतिबद्धता जैसी विशेषताएं बीएचईएल की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को और मजबूत बनाती हैं।
कार्यक्रम में रूपेश तैलंग, महाप्रबंधक (फीडर्स एवं ट्रांसफॉर्मर्स–विनिर्माण, वाणिज्यिक एवं अनुरक्षण), विकास खरे, महाप्रबंधक (ईएम) तथा एस.ए. डोंगरे, महाप्रबंधक (फीडर्स) भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
