
देवरी। जिले के गोहरगंज में विगत दिनों नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना के विरोध में आज, नगर परिषद देवरी में व्यापारी वर्ग और सामाजिक संगठनों ने कड़ा रोष जताया।
हिंदू उत्सव समिति और व्यापारी संघ के नेतृत्व में नगर पूरी तरह बंद रहा। सुबह से ही दुकानों के शटर बंद रहे और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए।
सभी संगठनों ने संयुक्त रूप से शांतिपूर्ण रैली निकाली, जो मुख्य मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची। रैली में शामिल लोगों ने दुष्कर्म आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की और प्रशासन से पीड़िता को न्याय दिलाने की अपील की।
रैली के अंत में हिंदू उत्सव समिति, व्यापारी संघ मुस्लिम संगठन अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने तहसीलदार जयपाल शाह उईके को कलेक्टर और एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोपी को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चालान पेश कर कठोर सजा दिलाने, पीड़िता के परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने और ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाने की मांग शामिल थी।
इस दौरान नगर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही और थाना प्रभारी जयदीप भदोरिया पुलिस बल के साथ नजर आए।
स्थानीय लोगों ने कहा कि जब तक आरोपी को कठोर दंड नहीं मिलता, समाज इस तरह की घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाता रहेगा। इस मौके पर मुख्य रूप से नगर परिषद अध्यक्ष रविंद्र रघुवंशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार लोधी के साथ-साथ सैकड़ो की तादाद में लोग उपस्थित थे
