‘हनुमान चालीसा’ ने पांच बिलियन व्यूज़ का आंकड़ा पार किया

मुंबई, (वार्ता) टीसीरीज के संस्थापक दिवंगत गुलशन कुमार की ‘हनुमान चालीसा’ भारत का इकलौता वीडियो बन गया है जिसने पांच बिलियन व्यूज़ का आंकड़ा पार किया और यूटयूब के ग्लोबल टॉप 10 मोस्ट-व्यूड वीडियोज़ ऑफ ऑल टाइम में शामिल हुआ।

टीसीरीज और भूषण कुमार ने भारत के डिजिटल और भक्ति संगीत जगत में एक ऐतिहासिक मुकाम स्थापित किया है, क्योंकि गुलशन कुमार की प्रतिष्ठित हनुमान चालीसा ने पांच बिलियन व्यूज़ का आंकड़ा छू लिया है। इस उपलब्धि के साथ यह भारत का पहला और एकमात्र वीडियो बन गया है जिसने यह रिकॉर्ड हासिल किया है, और साथ ही यूटयूब के ग्लोबल टॉप 10 मोस्ट-व्यूड वीडियोज़ ऑफ ऑल टाइम में भी अपनी जगह बना ली है।

हरिहरन द्वारा भावपूर्ण अंदाज़ में गाया गया और ललित सेन द्वारा संगीतबद्ध यह कालजयी प्रस्तुति आज भी दुनियाभर में करोड़ों लोगों के लिए आस्था, शक्ति और आध्यात्मिक जुड़ाव का एक अनमोल स्त्रोत बनी हुई है। इसकी सार्वभौमिक अपील और भावनात्मक जुड़ाव ने इसे दुनिया के सबसे प्रिय भक्तिमय स्तोत्रों में से एक बना दिया है।

टीसीरीज के मैनेजिंग डायरेक्टर भूषण कुमार ने अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा,“हनुमान चालीसा करोड़ों लोगों के दिलों में एक विशेष स्थान रखती है, मेरे भीतर भी। मेरे पिता, श्री गुलशन कुमार जी ने अपनी पूरी ज़िंदगी आध्यात्मिक संगीत को हर घर तक पहुँचाने में समर्पित कर दी, और यह उपलब्धि उनके उसी दृष्टिकोण का प्रतिबिंब है। पांच बिलियन व्यूज़ पार करना और यूटयूब के ऑल टाइम टॉप 10 मोस्ट-व्यूड वीडियोज़ में शामिल होना सिर्फ एक डिजिटल उपलब्धि नहीं है; यह इस देश की अटूट आस्था का प्रमाण है। हमें गर्व और सम्मान महसूस होता है कि टीसीरीज इस पवित्र मंत्र को दुनिया भर के भक्तों तक पहुँचा सका। यह उपलब्धि हमें ऐसा कंटेंट बनाने की प्रेरणा देती है जो लोगों को जोड़ता है, उठाता है और भारत की आध्यात्मिक विरासत का उत्सव मनाता है।

 

Next Post

105 लोगों के कटे चालान : वसूला गया 20 हजार 6 सौ 50 रूपये जुर्माना

Wed Nov 26 , 2025
जबलपुर: निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों और मुख्य स्वच्छता निरीक्षकों के द्वारा संभाग क्रमांक 1, 2, 3, 4 एवं 5 के बाजार क्षेत्रों में गंदगी करने वाले, डस्टबिन न रखने वाले एवं अमानक पॉलीथिन विक्रय करने वाले व्यापारियों के विरूद्ध चालानी कार्रवाई की […]

You May Like