
टीकमगढ़। मंगलवार शाम एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र की देवरदा चौकी के ठीक सामने हुआ, जिसमें बस कंडक्टर मनीष सहित एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। बस टीकमगढ़ से छतरपुर जा रही थी।
शाम करीब 4 बजे जटाशंकर कंपनी की यह बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ों से टकरा गई। हादसा होते ही चौकी में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने तत्काल बल्देवगढ़ थाना पुलिस और डायल 112 को सूचना दी। चौकी प्रभारी लीलाधर गौंड ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बल्देवगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल आधा दर्जन यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
