दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र का निधन, पुत्र सनी देओल ने दी मुखाग्नि

मुंबई, 24 नवंबर (वार्ता) भारतीय सिने जगत के दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र का सोमवार सुबह यहां निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे।

धर्मेन्द्र ने अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका आज अपराह्न विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान भूमि में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके बड़े बेटे और अभिनेता सनी देओल ने उन्हें मुखाग्नि दी। उनकी पत्नी और जानी मानी अभिनेत्री हेमा मालिनी, पुत्री इशा देओल और परिवार के अन्य सदस्य अंतिम विदाई देने के लिए श्मशान स्थल पर पहुंचे थे।

धर्मेन्द्र को अंतिम विदाई देने उनके दोस्त महानायक अमिताभ बच्चन तथा फिल्म जगत की कई हस्तियां पहुंची। इनमें शबाना आज़मी , गोविंदा, आमिर खान, अभिषेक बच्चन, सलमान खान, अक्षय कुमार, संजय दत्त,रणवीर सिंह ,दीपिका पादुकोण तथा जायद खान शामिल थे। मशहूर स्क्रिप्ट राइटर सलीम खान भी उनके अंतिम संस्कार में पहुंचे।

धर्मेन्द्र को सांस लेने में दिक्कत के कारण 10 नवंबर को ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था और 12 नवंबर को परिवार के कहने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी। इसके बाद से घर पर ही उनका इलाज चल रहा था।

धर्मेन्द्र का जन्म पंजाब के फगवाड़ा में 08 दिसंबर 1935 को हुआ था। उन्होंने वर्ष 1960 में प्रदर्शित फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से अपने सिने करियर की शुरूआत की थी। धर्मेन्द्र ने अपने छह दशक लंबे सिने करियर में 250 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया था।

Next Post

मार्को यानसन के छह विकेटों ने भारत को 201 रन पर समेटा

Mon Nov 24 , 2025
गुवाहाटी, 24 नवंबर (वार्ता) मार्को यानसन (छह विकेट) और साइमन हार्मर (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन सोमवार को भोजनकाल के बाद भारतीय टीम को 201 रनों के स्कोर पर समेटकर 288 रनों की बढ़त के साथ मैच पर […]

You May Like

मनोरंजन