नयी दिल्ली 24 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
श्रीमती मुर्मु ने अपने शोक संदेश में कहा “दिग्गज अभिनेता एवं पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक, उन्होंने अपने दशकों लंबे शानदार करियर के दौरान कई यादगार भूमिकाएं निभाई हैं। भारतीय सिनेमा की एक महान हस्ती के रूप में, वह ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की युवा पीढ़ी को हमेशा प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार के सदस्यों, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।”
श्री राधाकृष्णन ने कहा “पूर्व सांसद एवं दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। लाखों लोगों को अपनी कला दीवाना बनाने वाले इस कलाकार ने अपने उल्लेखनीय प्रदर्शन और कला के प्रति दृढ़ समर्पण के माध्यम से भारतीय सिनेमा के कैनवास को समृद्ध किया है। भारतीय फिल्म उद्योग में सबसे प्रशंसनीय शख्सियतों में से एक रहे अभिनेता धर्मेंद्र अपने पीछे एक कालातीत विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ॐ शांति”
श्री मोदी ने धर्मेंद्र के निधन को भारतीय सिनेमा जगत के एक युग का अंत करार देते हुए कहा कि वह असाधारण अभिनेता थे और उन्होंने अपनी भूमिकाओं को जिस गंभीरता से पेश किया उसने फिल्मों में उनकी गहराई की छाप छोड़ी है। उनकी इसी अदा ने उन्हें प्रतिष्ठित फिल्मी व्यक्तित्व और अभूतपूर्व अभिनेता बनाया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने शोक संदेश में लिखा “धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है। वह एक प्रतिष्ठित फिल्म व्यक्तित्व, एक अभूतपूर्व अभिनेता थे जो अपनी हर भूमिका में आकर्षण और गहराई लाते थे। जिस तरह से उन्होंने विविध भूमिकाएँ निभाईं, उसने अनगिनत लोगों को प्रभावित किया। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए समान रूप से प्रशंसित थे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”
श्री बिरला ने अपने शोक संदेश में कहा “सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता, पूर्व सांसद धर्मेंद्र का निधन अत्यंत दुःखद है। लंबे समय तक अपने अभिनय से उन्होंने भारतीय सिनेमा को समृद्ध बनाया। वे जीवटता की मिसाल थे, जिन्होंने कई उम्दा फिल्मों और यादगार फिल्मी डायलॉग्स से करोड़ों लोगों को प्रभावित किया। वह राजस्थान की बीकानेर संसदीय क्षेत्र से 14वीं लोक सभा के लिए भी निर्वाचित हुए थे। उनका निधन अभिनय और कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्री चरणों में स्थान दें, तथा शोकाकुल परिवार व प्रशंसकों को असहनीय दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा “प्रसिद्ध हिंदी फिल्म अभिनेता एवं पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ। उन्होंने अपने बेजोड़ आकर्षण और ईमानदारी से कई यादगार किरदारों को जीवंत बना दिया। भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके शोक संतप्त परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।”
गृह मंत्री अमित शाह ने भी धमेंद्र के निधन पर शोक जताया और कहा कि छह दशकों तक हर देशवासी के दिल को छूने वाले धर्मेन्द्र जी का निधन भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में कहा “भारतीय फिल्म जगत ने आज एक बहुमूल्य सितारा खो दिया। वर्ष 2012 में पद्मभूषण से सम्मानित धर्मेंद्र ने दशकों तक सिनेमा प्रेमियों के दिलों पर राज किया और अपने अभूतपूर्व अभिनय तथा सादगीपूर्ण जीवन से एक गहरी छाप छोड़ी। मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। उनका निधन एक युग का अंत है। दुःख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार और करोड़ों प्रशंसकों को गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।”
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद । यह भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा। धर्मेंद्र जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं।”
दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने कहा कि फिल्म अभिनेता धर्मेन्द्र का निधन भारतीय सिनेमा के एक स्वर्णिम काल का अंत है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा “फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र का निधन भारतीय सिनेमा के एक स्वर्णिम काल का अंत है। अपने बेहतरीन अभिनय से अनेक किरदारों को जीवंत करने वाले धर्मेंद्र, एक महान कलाकार होने के साथ साथ एक शानदार व्यक्तित्व के जिंदादिल इंसान थे, जिन्होंने देश-दुनिया में लाखों लोगों पर अपनी अमिट छाप छोड़ी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके परिवार और असंख्य प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। विनम्र श्रद्धांजलि।'”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने शोक संदेश में कहा , “लोकप्रिय फिल्म अभिनेता श्री धर्मेंद्र जी का निधन अत्यंत दुःखद, कला और फिल्म जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों और उनके प्रशंसकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा , “हिन्दी फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता एवं पूर्व सांसद पद्म भूषण धर्मेन्द्र का निधन फिल्म जगत के लिये अपूरणीय क्षति है। वह हिन्दी फिल्मों के एक प्रसिद्ध और लोकप्रिय अभिनेता थे जो भारतीय संसद (लोकसभा) के सदस्य रह चुके थे। उन्हें 2012 में भारत सरकार द्वारा भारत के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। उनके निधन से फिल्म जगत एवं राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।”
छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धर्मेंद्र ने अपने सशक्त अभिनय, सहज व्यक्तित्व और असाधारण प्रतिभा के बल पर करोड़ों दर्शकों के दिलों में एक विशेष स्थान बनाया। उनका जाना भारतीय फिल्म जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों व प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “महान अभिनेता श्री धर्मेंद्र जी के निधन की जानकारी प्राप्त कर बहुत दुख हुआ। उन्होंने अपने बहुमुखी अभिनय एवं करिश्माई मौजूदगी से दशकों तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। उनकी विरासत कलाकारों एवं सिनेमा प्रेमियों की पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”
बॉलीवुड में ‘हीमेन’के नाम से मशहूर धर्मेन्द्र का आज सुबह मुंबई में निधन हो गया। 89 वर्षीय अभिनेता कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने यहां जुहू स्थित अपने आवास पर अंतिम सांसे ली। उनका आज अपराह्न विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान भूमि में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके बड़े बेटे एवं अभिनेता सनी देओल ने उन्हें मुखाग्नि दी। उनकी पत्नी और जानी मानी अभिनेत्री हेमा मालिनी, पुत्री इशा देओल और परिवार के अन्य सदस्य अंतिम विदाई देने के लिए श्मशान स्थल पर पहुंचे थे। धर्मेन्द्र को अंतिम विदाई देने उनके दोस्त एवं समकालीन अभिनेता अमिताभ बच्चन तथा फिल्म जगत की कई हस्तियां पहुंची। इनमें शबाना आज़मी , गोविंदा, आमिर खान, अभिषेक बच्चन, सलमान खान, अक्षय कुमार, संजय दत्त,रणवीर सिंह ,दीपिका पादुकोण तथा जायद खान शामिल थे। मशहूर स्क्रिप्ट राइटर सलीम खान भी उनके अंतिम संस्कार में पहुंचे।
