तमिलनाडु में दो बसों की टक्कर में आठ लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल

चेन्नई, 24 नवंबर (वार्ता) तमिलनाडु के दक्षिणी तेनकासी जिले में दो प्राइवेट बसों की टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गयी और बच्चों समेत 30 से अधिक लोग घायल हो गये।

पुलिस ने बताया कि मरने वालों में पांच महिलाएं शामिल हैं। पुलिस मुख्यालय को मिली रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि हादसे में आठ लोगों की मौत हो गयी। यह हादसा कदयानल्लूर के पास इदैकल गांव में हुआ। बचाव दल को दुर्घटनाग्रस्त बसों में फंसे लोगों को निकालने के लिये कड़ी मशक्कत करनी पड़ी जो तेज रफ्तार की वजह से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस, अग्निशमन और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोग भी राहत कार्य में लगे हुए थे।

घायलों को तेनकासी सरकारी अस्पताल समेत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनके इलाज के लिए स्पेशल वार्ड बनाए गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। तेनकासी के जिला कलेक्टर कमल किशोर समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और जिला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एंव बचाव कार्यों की निगरानी की।

 

Next Post

एनबीएफसी का एयूएम मार्च 2027 तक पार कर जायेगा 50 लाख करोड़ का आंकड़ा

Mon Nov 24 , 2025
मुंबई, 24 नवंबर (वार्ता) गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) के प्रबंधन में मौजूद परिसंपत्ति (एयूएम) के मौजूदा और अगले वित्त वर्ष में 18-19 प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है और मार्च 2027 तक यह 50 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर सकता है। बाजार अध्ययन एवं साख […]

You May Like