भोपाल। पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र ने शनिवार को विभागीय अधिकारियों से चर्चा करते हुए निर्देश दिए. शहर में अपराधों की रोकथाम, शांति व सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली गई, जिसमें एडिशनल कमिश्नर अवधेश गोस्वामी, एडिशनल कमिश्नर मोनिका शुक्ला सहित सभी डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों के साथ अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में पुलिस आयुक्त मिश्र ने सर्वप्रथम चारों जोन के थानावार अपराधों का ग्राफ, पेंडिंग अपराध, महिला संबंधी अपराध, सीएम हेल्पलाइन शिकायत, स्थाई/गिरफ्तारी वारंटी तामीली, निगरानी/गुंडा फाइल, आबकारी एक्ट, जुआ एक्ट तथा प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की समीक्षा की तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायत का उत्कृष्ट निवारण हेतु थाना खजूरी सड़क, मंगलवारा, बैरागढ़, अशोका गार्डन के थाना प्रभारियों की सराहना की.
पुलिस आयुक्त मिश्र ने इस मौके पर निर्देशित किया कि शहर में अपराधों पर नियंत्रण तथा आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर सभी थाना प्रभारी शाम के समय गणना उपरांत अपने क्षेत्र मे नियमित रूप से पैदल पेट्रोलिंग करें, विजिबिलिटी बढ़ाए व असामाजिक तत्वों पर नजर रखे. ताकि गुंडे बदमाशों में डर बना रहे तथा आमजन में विश्वास बना रहे.
सभी थाना प्रभारी अपने मोबाइल फोन हमेशा चालू रखें तथा सभी बीट में सार्वजनिक स्थलों के एसीपी का शासकीय नंबर, थाना प्रभारी का नंबर, बीट प्रभारी का नंबर तथा थाना का अनिवार्य रुप से लिखवाये. क्षेत्र के सभी स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नशे के विरुद्ध निरंतर जागरूकता अभियान चलाएं, साथ ही ऑपरेशन मुस्कान के तहत विभिन्न स्कूल तथा बस्तियों की महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उन्हें जागरूक करें तथा पुलिस के इमर्जेंसी नंबर साझा करें.
उन्होंने कहा कि आगामी एक हफ्ते तक विशेष अभियान चलाकर तेज आवाज करने वाली तथा मोडिफाइड साइलेंसर बाइक चलाने वालों के खिलाफ़ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कोर्ट की कार्यवाही करें साथ ही मोडिफाइड करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें.
मिश्र ने कहा कि मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं रोकने हेतु जिन क्षेत्रों में वाहन चोरी, नकबजनी की घटनाएं ज्यादा हो रही है, ऐसे स्थान चिन्हित कर पैदल पेट्रोलिंग, चेकिंग बढ़ाए. संदिग्धों से पूछताछ करें. हिस्ट्रीशीटर, गुंडे बदमाशों को प्रति सप्ताह थाना बुलाकर पूछताछ करें. अधिकारी ने काह कि आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोले. ज्यादा अपराध वाले आरोपियों का जिला बदर पेश करें। माईनर एक्ट, आबकारी एक्ट की कार्यवाही करे, अभियान चलाकर स्थाई, गिरफ्तारी वारंटी तथा फरार, इनामी आरोपियों की धरपकड़ कर पेंडिंग अपराधों का निराकरण करें, साथ ही महिला संबंधी अपराधों में आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी कर वैधानिक कार्रवाई करें.
बैठक में अधिकारी ने शहर के सभी बैंकों, एटीएम में नियमित चेकिंग कर सुरक्षा संबंधी मानकों की जानकारी लें, सुरक्षा गॉर्ड को चेक करें, साथ ही शॉपिंग माल, काम्प्लेक्स इत्यादि स्थानो पर चेकिंग करे, व्यापरियों से चर्चा कर सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव दें उन्हें जागरुक करने की बात भी कही.
