
इंदौर. यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इंदौर–नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में बड़ा बदलाव किया है. 24 नवंबर से यह ट्रेन दोगुनी बैठक क्षमता के साथ चलेगी. जिससे यात्रियों को अब भीड़ भाड़ का सामना नहीं करना पड़ेगा.
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने ट्रेन संख्या 20911/20912 इंदौर–नागपुर–इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया है. 24 नवंबर से यह ट्रेन स्थाई रूप से 16 कोच के रैक के साथ संचालित होगी. समय-सारणी फिलहाल पूर्ववत ही रहेगी और सिर्फ कोच क्षमता में विस्तार किया गया है. अब तक इस रूट पर वंदे भारत 8 कोच के साथ संचालित हो रही थी, जिसमें 526 सीटें उपलब्ध थीं, कोच संख्या बढ़ने के बाद अब ट्रेन में 1124 यात्रियों के बैठने की सुविधा होगी. रेलवे का दावा है कि इसके बाद यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और यात्रा अनुभव भी अधिक सहज होगा. रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीना का कहना है कि, यह बदलाव यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया है ताकि बढ़ती मांग का बेहतर समाधान मिल सके.
