
सिंगरौली। लंघाडोल थाना क्षेत्र के वासी बेरदहा में एक वन विभाग द्वारा पेड़ों की कटाई कराए जाने को लेकर कांग्रेसी विरोध कर रहे हैं। आज डेढ़ दर्जन कांग्रेसी जंगल का हालात जानने एवं ग्रामीणों से मिलने जा रहे थे कि फाटपानी गांव में पुलिस ने कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया है।
गौरतलब है कि वासी बेरदह में एक निजी कंपनी को कोल ब्लॉक आवंटित हुआ है। जहां सरकार से अनुमति लेकर जंगलों की कटाई की जा रही है। वहीं ग्रामीण इसका विरोध कर रहे हैं। इसी वस्तुस्थिति का जायजा लेने तथा ग्रामीणों से मुलाकात करने आज जिला कांग्रेस कमेटी की टीम स्थल पर जा रहें थे। जहां कांग्रेसियों ने दो बैरिकेट को जबरन पार कर तीसरे पर पहुंचने वाले थे कि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उक्त कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण की अध्यक्ष सरस्वती सिंह कर रही थी। इस दौरान डेढ़ दर्जन कांग्रेसियों को पुलिस ने हिरासत में लेते हुये बस से पचौर पुलिस लाइन लाई है। पुलिस ने बैरिकेट फाटपानी गांव में लगाई थी। इस दौरान कांग्रेसियों ने सरकार एवं पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे। इधर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से फाटपानी में आवश्यक बैरिकेटिंग लगाई गई थी, जहां कांग्रेस के लोग आकर दो बैरिकेटिंग तोड़ते हुए तीसरे को तोड़ने का प्रयास करते हुए नारेबाजी कर रहे थे, जहां सुरक्षा के लिहाज से 17 लोगों को गिरफ्तार कर पचौर जिला जेल लाया गया। सभी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया है।
