
नई दिल्ली, 21 नवंबर 2025: अमेरिकी राजनीति में आज (शुक्रवार) व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और न्यूयॉर्क के नए मेयर जोहरान ममदानी की मुलाकात को लेकर खासी चर्चा है। यह मुलाकात इसलिए खास है क्योंकि दोनों नेताओं के बीच पहले काफी बयानबाजी और मतभेद रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद सोशल मीडिया पर इस बैठक की जानकारी दी थी और बताया था कि यह मुलाकात मेयर-इलेक्ट ममदानी के अनुरोध पर ओवल ऑफिस में तय हुई है।
प्रेस सचिव ने ममदानी को ‘कम्युनिस्ट’ कहकर साधा निशाना
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने गुरुवार को इस बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए ममदानी को ‘एक कम्युनिस्ट’ कहकर उन पर सीधा हमला किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह बात बहुत कुछ कहती है कि डेमोक्रेट पार्टी ने देश के सबसे बड़े शहर के लिए उसी को मेयर चुना है। हालांकि, लेविट ने जोर देकर कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप अमेरिकी लोगों की भलाई के लिए किसी से भी मिलने को तैयार हैं, चाहे वे किसी भी पार्टी के हों।
पहले के तेवर नरम पड़े, शहर के मुद्दों पर होगी चर्चा
इस बैठक के चर्चा में रहने की सबसे बड़ी वजह दोनों नेताओं का पहले का तकरार है, जहाँ ममदानी ने ट्रंप को ‘लोकतंत्र के लिए खतरा’ तक कह दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ममदानी की टीम ने अब शहर की बढ़ती महंगाई और आवास संकट जैसे बड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए व्हाइट हाउस से संपर्क किया। उनका यह कदम उनके पहले के तेवर के मुकाबले काफी नरम माना जा रहा है।
