नेहरू की किताबें, भाषण आदि स्मार्टफोन पर ऑनलाइन उपलब्ध

नयी दिल्ली, 20 नवंबर (वार्ता) जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल फंड ने एक ऑनलाइन साइट विकसित की है जिसमें पंडित जवाहर लाल नेहरू के लेखन कार्यों, भाषणों तथा साक्षात्कारों को स्मार्टफोन पर पढ़ा और सुना जा सकता है।
जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल फंड ने गुरुवार को यहां एक विज्ञप्ति में यह बताया कि उसने पंडित नेहरू के लेखन के चुने हुए कार्यों को डिजिटलरूप में तैयार किया है जिसे अब ऑनलाइन पढा जा सकता है। मेमोरियल फंड ने पिछले वर्ष पंडित नेहरू की जयंती पर यह काम करने की घोषणा की थी और इसको लेकर वेबसाइट को पूरी तरह तैयार कर लांच कर दिया गया है।
मेमोरियल फंड ने कहा है कि पंडित नेहरू के लेखन कार्यों के 100 संस्करणों का डिजिटल संस्करण तैयार किया गया है और उनके कार्यों के चुने हुए इन संस्करणों को अब स्मार्टफोन-अनुकूल नेहरूआर्काइव डॉट इन पर पढा जा सकता है। पंडित नेहरू के समग्र कार्यों को साइट पर जाकर अपने मोबाइल फोन पर आसानी से पढ़ा और देखा जा सकता है। इसे आसानी से खोजने के साथ ही डाउनलोड भी किया जा सकता है। आर्काइव पर पंडित नेहरू के 1903-1964 की अवधि के कार्यों को शामिल किया गया है। इसमें उनके 100 प्रकाशित संस्करणों को शामिल किया गया है। वेबसाइट पर अब तक 75,000 से अधिक पृष्ठ और 3,000 से अधिक चित्र शामिल किये गये हैं।
नेहरू मेमोरियल फंड का कहना है कि यह अभी शुरुआत है। इसमें और अधिक पाठ, फोटोग्राफ, ऑडियो और फिल्मों को शामिल किया जाता रहेगा। पुरालेख का विस्तार करने के लिए दुनिया भर के उन पुरालेखों से संपर्क किया जा रहा है जिनमें पंडित नेहरू को या उनके द्वारा लिखे गए पत्र हैं। नेहरू द्वारा और उनके जीवनकाल के दौरान उन पर लिखी गई पुस्तकें शामिल की जाएंगी।
यह साइट भारत की आजादी के आंदोलन के समय की घटनाओं को तत्काल जानने का एक बेहतर प्लेटफार्म है। इमसें 1920 से 1960 तक के इतिहास को शामिल किया गया है। इसमें 35 हजार दस्तावेज और तीन हजार चित्र हैं। इसके 44वें संस्करण में पंडित नेहरू के अंग्रेजी तथा हिंदी में मूलरूप से दिये गये भाषण हैं।
मेमोरियल फंड की सचिव माधवन पलाट का कहना है कि इसमें पंडित नेहरू के पत्र, भाषण, साक्षात्कार, फाइलों पर प्रशासनिक टिप्पणियां, डायरी आदि हैं। उनका कहना है कि यह अभी शुरुआत मात्र है और इसमें अभी बहुत सारी सामग्री को जोड़ा जाना है और इस दिशा में काम चल रहा है।

Next Post

जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता आवश्यक : यादव

Thu Nov 20 , 2025
नयी दिल्ली, 20 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि जब दुनिया भर में तकनीक के अधिक इस्तेमाल से जलवायु परिवर्तन हो रहा है तब इससे निपटने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता की आवश्यक महसूस होती है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय […]

You May Like