लीबिया की पूर्वी सरकार ने संयुक्त राष्ट्र मिशन के साथ सहयोग को किया अस्थायी तौर पर रोका

त्रिपोली, 18 नवंबर (वार्ता) लीबिया के पूर्वी क्षेत्र की सरकार ने सोमवार को लीबिया में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (यूएनएसएमआईएल) के साथ सभी प्रकार के सहयोग को अस्थायी तौर पर रोक दिया। जिसका उद्देश्य देश में राजनीतिक वार्ता का समर्थन करना एवं नागरिक भागीदारी को मजबूत करना था।
इससे पहले दिन में कतर और संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किये गये जो लीबियाई राजनीतिक वार्ता परियोजना का एक हिस्सा है और यूएनडीपी के साथ साझेदारी में यूएनएसएमआईएल द्वारा कार्यान्वित एक संयुक्त पहल है। इस समझौते का यूएनएसएमआईएल ने स्वागत किया।
लीबिया के पूर्वी प्रशासन ने एक बयान में इस समझौते को संयुक्त राष्ट्र मिशनों की तटस्थता बनाए रखने संबंधी अंतरराष्ट्रीय मानदंडों का गंभीर उल्लंघन करार दिया। बयान में कहा गया कि लीबियाई अधिकारियों से परामर्श किए बिना लीबिया में राजनीतिक गतिविधियों के लिए किसी भी तरह का बाहरी वित्तपोषण पूर्ण रूप से अस्वीकार्य है एवं राजनयिक परंपराओं का उल्लंघन है।
पूर्वी प्रशासन ने जांच की मांग करते हुए कहा कि जब तक समझौते को औपचारिक रूप से वापस नहीं लिया जाता और पूरी तरह से स्पष्ट नहीं किया जाता, तब तक वह यूएनएसएमआईएल के साथ संबंध पुनः शुरू नहीं करेगा। बयान में आगे कहा गया कि किसी भी राजनीतिक पहल को तब तक मान्यता नहीं दी जा सकती है जब तक कि वह पूर्ण रूप से लीबियाई न हो और बाहरी प्रभाव से मुक्त न हो। यूएनएसएमआईएल ने अभी तक इस बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
उल्लेखनीय है कि 2011 में नाटो समर्थित विद्रोह के बाद से लीबिया विभाजित रहा है, जिसने देश के पूर्व नेता मुअम्मर गद्दाफी को सत्ता से बाहर कर दिया था। वर्तमान में देश त्रिपोली में संयुक्त राष्ट्र द्वारा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एकता सरकार और कमांडर खलीफा हफ्तार के नेतृत्व में लीबियाई राष्ट्रीय सेना द्वारा समर्थित पूर्वी प्रशासन के बीच विभाजित है।

Next Post

इराक में शिआ अल-सुदानी के गठबंधन ने चुनावों में किया अच्छा प्रदर्शन

Tue Nov 18 , 2025
बगदाद, 18 नवंबर (वार्ता) इराक के चुनाव आयोग ने सोमवार को 11 नवंबर के संसदीय चुनावों के आखिरी नतीजे घोषित किये, जिससे प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी के राजनीतिक गठबंधन के अच्छे प्रदर्शन की पुष्टि हुई। इंडिपेंडेंट हाई इलेक्टोरल कमीशन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विस्तृत नतीजे जारी किये, जिसमें […]

You May Like