इंदौर:चेन्नई में हुई अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में इंदौर की महिला निरीक्षक ने दमदार प्रदर्शन कर लॉन्ग जम्प में कांस्य पदक जीता. इस उपलब्धि पर वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है.तमिलनाडु के चेन्नई में 05 से 09 नवंबर तक आयोजित 23वीं मास्टर्स एथलेटिक एशियन चैम्पियनशिप में इंदौर पुलिस की महिला निरीक्षक राधा यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लॉन्ग जम्प एकल स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.
मास्टर्स एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में हुई इस प्रतियोगिता में 22 देशों के एथलीट शामिल हुए थे. मध्यप्रदेश की ओर से प्रतिनिधित्व करते हुए राधा यादव ने लॉन्ग जम्प के साथ 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ और ट्रिपल जम्प इवेंट्स में भी चुनौती पेश की। एशिया भर के एथलीटों के बीच हुए मुकाबले में उन्होंने लॉन्ग जम्प में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल किया.
राधा यादव वर्तमान में इंदौर पुलिस यातायात में पदस्थ हैं. उनकी इस उपलब्धि पर मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है. पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनके प्रदर्शन ने न सिर्फ प्रदेश बल्कि इंदौर पुलिस का भी गौरव बढ़ाया है. अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि वे आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और पुलिस संगठन का नाम रोशन करती रहेंगी.
