पंकज त्रिपाठी और मृदुला त्रिपाठी अपने प्रोडक्शन हाउस ‘रूपकथा रंगमंच’ के साथ थिएटर प्रोडक्शन में करेंगे डेब्यू,

मुंबई, 17 नवंबर (वार्ता) लोकप्रिय अभिनेता पंकज त्रिपाठी और उनकी पत्नी मृदुला त्रिपाठी अपने नए प्रोडक्शन हाउस रूपकथा रंगमंच के ज़रिए थिएटर प्रोडक्शन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।
पंकज और मृदुला के पहले प्रोडक्शन, म्यूज़िकल कॉमेडी ‘लाइलाज’, में उनकी बेटी आशी त्रिपाठी स्टेज पर डेब्यू करेंगी
फ़ैज़ मोहम्मद ख़ान द्वारा लिखी, निर्देशित, संगीतबद्ध और गीतों से सजी यह म्यूज़िकल कॉमेडी, ह्यूमर, संगीत और दिल छू लेने वाली कहानी का ताज़ा और मज़ेदार मेल लेकर आएगी। यह नाटक 21, 22 और 23 नवंबर को मुंबई के रंगशिला थिएटर में मंचित किया जाएगा।
पंकज त्रिपाठी के लिए, जिनकी अभिनय यात्रा की शुरुआत मंच से हुई थी, यह शुरुआत बेहद भावनात्मक है। पंकज त्रिपाठी ने कहा, “रूपकथा रंगमंच हमारे लिए सिर्फ़ एक प्रोडक्शन हाउस नहीं है, यह हमारी जड़ों का एक भावनात्मक विस्तार है। मेरी अभिनय यात्रा की शुरुआत मंच से हुई। बैकस्टेज की भागदौड़, उधार की कॉस्ट्यूम्स और लाइव दर्शकों के सामने प्रदर्शन करने का जादू… थिएटर ने मुझे ईमानदारी, धैर्य, भावनाएँ और अनुशासन सिखाया। आज मैं जो भी हूँ, उसमें उस शुरुआती थिएटर यात्रा का बड़ा योगदान है। जब मृदुला और मैंने अपना प्रोडक्शन हाउस शुरू करने का फ़ैसला किया, तभी मन में था कि पहला प्रोडक्शन उसी माध्यम को समर्पित हो जिसने मुझे गढ़ा। ‘लाइलाज’ हमारा थिएटर और इस कला के प्रति छोटा-सा सम्मान है।”
पंकज त्रिपाठी ने कहा,“इस पूरे सफ़र को और खास बनाता है हमारी बेटी आशी का इस म्यूज़िकल से स्टेज डेब्यू। पिता होने के नाते मुझे गर्व होता है, एक एक्टर होने के नाते ज़िम्मेदारी महसूस होती है, और एक निर्माता के रूप में एक सुंदर शुरुआत की उत्सुकता। उसे रिहर्सल करते, मेहनत करते, बेहतर होते और चमकते देखना मुझे अपने शुरुआती दिनों की याद दिलाता है। आशी का डेब्यू सिर्फ़ हमारे परिवार का पल नहीं है, बल्कि यह याद दिलाता है कि हर कलाकार को अपने प्रक्रिया से प्यार करना चाहिए और थिएटर इस प्यार को सबसे खूबसूरती से संवारता है। मैं उम्मीद करता हूँ कि दर्शक इस नाटक को वही प्यार और उत्साह देंगे, जो मुझे हमेशा मिला है।”
मृदुला त्रिपाठी ने कहा, “रूपकथा रंगमंच हमारी साझा इच्छा से जन्मा ऐसी कहानियाँ आगे बढ़ाना जो दिल तक पहुँचती हैं। थिएटर हमेशा हमारी ज़िंदगी के करीब रहा है और ‘लाइलाज’ जैसी म्यूज़िकल कॉमेडी से शुरुआत करना बिल्कुल सही लगा। यह नाटक खुशी, हलचल, संगीत और सरल लेकिन खूबसूरत मानवीय भावनाओं का मेल है। एक माँ के रूप में आशी को उसके डेब्यू के लिए मेहनत करते देखना बहुत भावुक अनुभव रहा है। और एक निर्माता के रूप में मैं उत्साहित हूँ कि हम ऐसा प्रोजेक्ट मंच पर ला रहे हैं जो रचनात्मकता, टीमवर्क और लाइव परफ़ॉर्मेंस के पुराने जादू का जश्न मनाता है। हमें पूरा भरोसा है कि ‘लाइलाज’ हर उम्र के दर्शकों को पसंद आएगा, और हम इसे दुनिया के सामने बहुत प्यार और ईमानदारी के साथ पेश कर रहे हैं।”

Next Post

पुलकित सम्राट की फिल्म “राहु केतु” 16 जनवरी 2026 को होगी रिलीज़

Mon Nov 17 , 2025
मुंबई, 17 नवंबर (वार्ता) बॉलीवुड स्टार पुलकित सम्राट की फिल्म “राहु केतु” 16 जनवरी 2026 को रिलीज़ होगी। पुलकित सम्राट अपनी आगामी फिल्म ‘राहु केतु’ के साथ बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं, जो अगले साल की शुरुआत में, 16 जनवरी 2026 को रिलीज होगी। पुलकित अब […]

You May Like