छतरपुर। जिले के कदारी गांव में घरेलू प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। यहां 30 वर्षीय अंजलि चतुर्वेदी ने पति के अत्याचारों से तंग आकर ऑल आउट लिक्विड पी लिया। परिजनों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां वह मेडिसिन वार्ड में भर्ती है।
पीड़िता की सास शीला ने बताया कि उसका बेटा ब्रजेश नशे का आदी है और अक्सर शराब के नशे में पत्नी अंजलि के साथ विवाद और मारपीट करता है। शीला का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन परिवार के एक चाचा के पुलिस में होने से कार्रवाई नहीं हुई।
घटना वाली रात भी ब्रजेश नशे की हालत में आया, विवाद बढ़ा और उसने अंजलि का गला दबा दिया। इससे आहत होकर अंजलि ने घर में रखा ऑल आउट लिक्विड पी लिया। पीड़िता ने बताया कि आठ साल पहले उसने ब्रजेश से प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के एक साल बाद से ही दहेज की मांग और ससुराल में भेजने को लेकर तनाव बढ़ गया।
अंजलि के दो छोटे बच्चे—एक पांच वर्षीय बेटी और दो वर्षीय बेटा—फिलहाल उसकी सास के संरक्षण में हैं। जिला अस्पताल में अंजलि का उपचार जारी है।
