
रीवा: उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने विश्वविद्यालय स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन किया. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में खेलों के कई बड़े आयोजन होते रहे हैं. यहाँ के कई खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा की चमक दिखाई है. खेल से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं. खेलों से हमें प्रतिस्पर्धा और सहयोग की प्रेरणा मिलती है.
खेलों में शामिल होने के साथ-साथ अच्छी खेल प्रतियोगिता को देखना भी बड़ा आनंददायक होता है. राष्ट्रीय एकता मंच ने 10 से 16 नवम्बर तक क्रिकेट प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया. स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल जी के लिए जो हम लोग नहीं कर पाए उसे आयोजन समिति ने करके दिखा दिया. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल का पुत्र होने पर मुझे गौरव का अनुभव होता है.
मैं यदि उनका पुत्र नहीं होता तो मैं जहाँ पर हूँ वहाँ शायद नहीं होता. मेरे पिताजी के सामाजिक कार्यों और जनता की सेवा ने उन्हें यशस्वी बनाया. उनके नाम के साथ जुड़ा होने से मुझे भी बहुत प्रतिष्ठा और यश मिला. समारोह में विधायक नागेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मैं सभी आयोजकों को बधाई देता हूं. खेल संयम और नियम का परिचायक होते हैं. सभी प्रतियोगिताएं खेल भावना से खेली जानी चाहिए.
स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल ने सदैव खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित किया. समारोह में विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने अपने विचार रखे. समारोह में आभार प्रदर्शन नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय ने किया. प्रतियोगिता का फाइनल मैच उड़ीसा और नोएडा के बीच खेला गया. रोमांचक मैच में उड़ीसा की टीम ने विजय प्राप्त की. उप मुख्यमंत्री तथा विधायक गुढ़ ने विजेता टीम को 10 लाख रुपए तथा ट्राफी प्रदान की. उप विजेता रेड डेविल्स नोएडा को 5 लाख रुपए तथा ट्राफी प्रदान की गई. खिलाडिय़ों और निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया. समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, राजगोपाल मिश्र मौजूद रहे
