देवास:लंबे समय से चले आ रहे रेलवे अधिग्रहण से प्रभावित तहसील कन्नौद व सतवास के 9 गांव के किसान जो उक्त अधिग्रहण का विरोध कर रहे थे और अनशन पर बैठे थे। आज कलेक्टर देवास ऋतुराज सिंह, अपर कलेक्टर देवास संजीव जैन एवं विधायक बागली मुरली भंवरा व खातेगांव विधायक आशीष शर्मा के हाथों से ज्यूस पीकर अपना अनशन समाप्त किया।
किसानों की मुख्य मांग रेलवे लाइन का अलाइनमेंट चेंज करने अथवा वायडक्ट बनाने एवं अधिग्रहण में बाजार मूल्य जितना मुआवजा दिए जाने की थी। शासन स्तर से रेलवे लाइन का अलाइनमेंट चेंज करने अथवा वायडक्ट की मांग तो नहीं मानी गई परन्तु जिला अधिकारियों एवं दोनों विधायकगण व अन्य जनप्रतिनिधियों के लगातार प्रयास से शासन द्वारा अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा कलेक्टर गाइडलाइन के चार गुना करने पर अनुमति दी गई।
उक्त प्रस्ताव जब अनशन पर बैठे किसानों के सामने रखा गया तो उन्होंने इसे स्वीकार करते हुए गाइडलाइन के चार गुना मुआवजा लेकर शांतिपूर्वक अधिग्रहीत भूमि का कब्जा रेलवे को सौंपे जाने को लेकर सहमति प्रदान की।उपस्थित अधिकारीगण व विधायकों द्वारा किसानों का अभिवादन पुष्प हार पहनाकर किया गया व ज्यूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया गया। किसानों ने भी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
