छिंदवाड़ा।आबकारी विभाग ने चांद पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों में अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश दी. संयुक्त टीम ने आज ग्राम भांड पिपरिया, रमपुरीटोला, कोकीवाड़ा एवं टॉप में दबिश के दौरान अलग-अलग स्थानों से लगभग 1000 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 15 लीटर अवैध हाथभट्टी महुआ की कच्ची शराब बरामद की. बरामद महुआ लाहन में से सैंपल लेकर शेष महुआ लाहन मौके पर नष्ट किया गया. इस कार्रवाई में बरामद अवैध शराब व महुआ लाहन के सैंपल जप्त कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) (क),34(1) (च) के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया है. इस कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी कुमारी भारती गौड़, आबकारी आरक्षक सुश्री भारती मरकाम एवं पुलिस थाना चांद का बल उपस्थित था.
