
छतरपुर। खुशी का पल अचानक हादसे में बदल गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के संकट मोचन इलाके में रहने वाले हीरालाल कुशवाहा देर रात जिला अस्पताल में पिता बने थे। उनके घर बेटे का जन्म हुआ, जिसके बाद पूरे परिवार में खुशी का माहौल था। हीरालाल सुबह अपने घर लौटे और जश्न के तौर पर आतिशबाजी करने लगे। परिजनों के अनुसार, आतिशबाजी के दौरान हीरालाल ने एक पटाखा हाथ में पकड़कर जलाया, जो अचानक तेज धमाके के साथ फट गया।
दोपहर लगभग 1 बजे हुए इस हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ उनका उपचार जारी है। हाथ में गंभीर चोटें आने की वजह से डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि खुशी का जश्न मनाते समय हुई छोटी-सी लापरवाही बड़े हादसे में बदल गई। पटाखा जलने में देरी होने के कारण हीरालाल ने उसे हाथ से फेंकने की कोशिश भी की, लेकिन अचानक विस्फोट हो गया।
