सिंगरौली: व्यावसायिक प्लाजा गनियारी के शटर चोरी के बाद अब रेलिंग चोरी का मामला तूल पकड़ लिया है। कोतवाली पुलिस की नाकामी एवं कबाड़ माफियाओं को मिले संरक्षण पर तरह-तरह के सवाल खड़े किये जाने लगे हैं।यहां बताते चले कि कोतवाली से महज 300 मीटर दूर अम्बेडकर चौक के समीप व्यावसायिक प्लाजा गनियारी स्थापित है।
जहां डेढ़ वर्ष पूर्व प्लाजा के जीर्ण-शीर्ण होने पर किसी अनहोनी को टालने के लिए तत्कालीन कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला के निर्देश पर एसडीएम एवं निगमायुक्त ने दुकानों को खाली करा दिया गया था। जहां एक सैकड़ा से अधिक दुकानदार अपना व्यवसाय चला रहे थे। शटर चोरी के बाद करीब 80 प्रतिशत रेलिंग को भी चोरो ने काट लिया। चोरों ने करीब छ: महीने के अंदर इस घटना को अंजाम दिया।
प्लाजा के अंदर करीब एक सैकड़ा दुकानें हैं। वैसेे दुकानों की संख्या तकरीबन 165 से ऊपर है। इसमें से फ्रंट के दुकानों के रेलिंग व शटर को चोरों ने बचा दिया और जहां सड़क से आने-जाने वाले लोगों की नजरें नही पड़ती, ऐसे दुकानों के शटर एवं रेलिंग को चोरों ने पार कर दिया। गायब शटर की संख्या करीब एक सैकड़ा पार है।
इनका कहना
आज जानकारी मिली है। सोमवार को मैं खुद निरीक्षण करने जाउंगी और यदि शटर व रेलिंग गायब या चोरी हुई है तो इसकी सूचना एवं प्राथमिक रिपोर्ट कोतवाली में दी जाएगी।
सविता प्रधान
निगमायुक्त, नपानि सिंगरौली
