आप की ‘छत्तीसगढ़ बचाबो यात्रा” 15 नवंबर से

रायपुर, 14 नवंबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) छत्तीसगढ़ 15 से 19 नवंबर के बीच प्रदेश में एक व्यापक राजनीतिक जनयात्रा ”छत्तीसगढ़ बचाबो यात्रा” की शुरुआत करेगी। इस यात्रा की शुरुआत रायपुर कलेक्ट्रेट स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगी।

यात्रा रायपुर से आरंभ होकर कोंडागांव, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा होते हुए जगदलपुर में संपन्न होगी। पार्टी ने इसे प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान का रूप दिया है, जिसके तहत आगे सभी जिलों में लोकसभा स्तर पर यात्राएं आयोजित की जाएंगी।

इस यात्रा का नेतृत्व नए कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल के हाथों में है, जिनकी नियुक्ति के बाद कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार दिख रहा है। पार्टी का दावा है कि उन्होंने प्रदेश में मजबूत संगठनात्मक पकड़ बनाई है और यह यात्रा जनता से सीधे संवाद स्थापित करने का बड़ा माध्यम बनेगी।

श्री उत्तम जायसवाल ने कहा कि यात्रा का प्रमुख उद्देश्य छत्तीसगढ़ के जंगलों की रक्षा, किसानों की सुरक्षा, बेरोजगार युवाओं को सम्मानजनक रोजगार, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की पूर्ववर्ती और मौजूदा सरकारों ने जनता से सिर्फ वादे किए, लेकिन पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि बिजली दर बढ़ोतरी, खनिज संपदा का दोहन और बेरोजगारी जैसी समस्याओं ने जनता को परेशान कर रखा है।

प्रदेश महासचिव वदूद आलम ने कहा कि यात्रा के दौरान वे बताएंगे कि भाजपा और कांग्रेस ने बस्तर के विकास के नाम पर वर्षों तक जनता को ठगा है। वहीं प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सूरज उपाध्याय ने आरोप लगाया कि बस्तर में नेताओं के परिवारों का विकास हुआ है, जबकि क्षेत्र की आम जनता अब भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।

 

Next Post

बिहार ने फिर दिखाया है, 'झूठ हारता है - जनविश्वास जीतता है'

Fri Nov 14 , 2025
नई सरकार के साथ एनडीए अब बिहार में 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा की ओर आगे बढ़ रहा है। बिहार ने ये सुनिश्चित किया है कि बिहार की महान भूमि पर फिर कभी जंगलराज की वापसी नहीं होने वाली है। आज की ये जीत बिहार के उन बहनों, बेटियों की […]

You May Like