सतना : थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर घर से निकला युवक जब काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो चिंतित परिजनों ने तलाश शुरु की. परिजनों की यह तलाश अस्पताल की मर्चुरी में जाकर खत्म हुई जहां पर युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.शहर के रामना टोला क्षेत्र से होकर गुजरने वाले रेलखण्ड पर गुरुवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब वहां पर एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया.
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरु की. आस पास मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर जब मृतक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय की मर्चुरी में भेज दिया. वहीं कुछ देर बाद बदहवासी की हालत में परिजन अस्पताल पहुंच गए. जब परिजनों को मृतक का शव दिखाया गया तो उन्होंने बिलखते हुए उसकी पहचान की. मृतक की पहचान 25 वर्षीय युवक करन चौधरी पिता स्व. जमुना निवासी रामना टोला के तौर पर हुई. पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं इस मामले में प्रकरण दर्ज कर परिजन सहित अन्य लोगों से पूछताछ करते हुए घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
रात भर नहीं लौटा
बिलखते हुए परिजनों ने बताया कि करन बुधवार की रात यह कहते हुए घर से निकला था कि वह कुछ देर में वापस लौट आएगा. लेकिन काफी देर बाद भी जब वह नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होनी शुरु हो गई. वहीं अगले दिन सुबह चिंतित परिजनों ने करन को खोजना शुरु कर दिया. इसी दौरान कुछ लोगों ने सोशल मीडिया में युवक के ट्रेन से कट जाने की घटना का जिक्र करते हुए पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी. जानकारी मिलने पर जब परिजन अस्पताल की मर्चुरी में पहुंचे तो करन का शव देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
