
सौसर। बोरगांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने गुरुवार को टाटा सफारी कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। घटना में बाइक सवार बोरगांव निवासी लक्ष्मण पिता नत्थू सिडामे 52 साल की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण सिडामे अपने गांव बोरगांव वापस लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार टाटा सफारी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और लक्ष्मण सिडामे की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही लोधीखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सौसर के सिविल अस्पताल भेजा। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
स्थानीय लोगो का कहना है कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई है, वह क्षेत्र लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारण ब्लैक स्पॉट बन गया है। लोगों ने प्रशासन से यहां सुरक्षा व्यवस्था और संकेतक बोर्ड लगाए जाने की मांग की है।
