
सागर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सागर द्वारा सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए बुंदेलखंड शासकीय मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग को फंक्शनल एंडोस्कोपिक साइनस सर्जरी (फेस्स) से संबंधित अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण दान किए गए। ये उपकरण साइनस रोगों के निदान और उपचार में क्रांतिकारी बदलाव लाने में सक्षम होंगे, जिससे मरीजों को न्यूनतम एंडोस्कोपिक तकनीक से बेहतर और तेज राहत मिल सकेगी।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आईएमए सागर का यह कदम न केवल चिकित्सा सुविधाओं को सशक्त बनाएगा, बल्कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए गुणवत्तापूर्ण इलाज की नई उम्मीद जगाएगा।
आईएमए सागर के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि बुंदेलखंड जैसे पिछड़े क्षेत्रों में भी विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें। ये उपकरण गरीब मरीजों को एडवांस्ड साइनस सर्जरी का लाभ पहुँचाएंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जल्द ही आईएमए मेडिकल कॉलेज के अन्य विभागों — जैसे नेत्र चिकित्सा, सर्जरी और अन्य विभागों को भी आवश्यक उपकरण दान करेगा।
यह पहल क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे हजारों मरीजों को बेहतर देखभाल और न्यूनतम दर्द के साथ इलाज मिल सकेगा। साथ ही यह अन्य संस्थानों को भी समाजसेवा के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर आईएमए सचिव डॉ. रोशी जैन, डॉ. सर्वेश जैन, डॉ. रीमा गोस्वामी, डॉ. प्रवीण खरे, डॉ. मोहम्मद इलयास, डॉ. नीतू बजाज, डॉ. सत्येंद्र मिश्रा, डॉ. शशि बाला, डॉ. संजय प्रसाद और अन्य सदस्य मौजूद रहे।
