
नई दिल्ली, 13 नवंबर 2025: सुप्रीम कोर्ट ने सोशल मीडिया पर देश विरोधी और अश्लील पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार असम के एक प्रोफेसर मो. जोयनल आबेदीन को जमानत देने से इनकार कर दिया है। जस्टिस सूर्यकांत और जोयमाल्या बागची की पीठ ने बुधवार को प्रोफेसर को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि “आप युवतियों के लिए खतरा हैं” और “आपको शैक्षणिक संस्थान में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।”
‘प्रोफेसर के नाम पर कलंक’ और ‘विकृत व्यक्ति’
पीठ ने प्रोफेसर मो. जोयनल आबेदीन को अंतरिम जमानत देने से इनकार करते हुए कहा कि उसे महिलाओं का पीछा करने और उनके बारे में अश्लील टिप्पणियां करने की आदत है। शीर्ष अदालत ने टिप्पणी की कि “तुम प्रोफेसर के नाम पर कलंक हो” और “तुम एक विकृत व्यक्ति हो।” पीठ ने उसकी पोस्ट की भाषा देखकर आश्चर्य व्यक्त किया और कहा कि उसका सोच गंदा है और वह समाज के लिए खतरा है।
आदतन अपराधी और लंबित सुनवाई
आबेदीन पर मई में देश विरोधी पोस्ट करने का आरोप है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था और नौकरी से भी निकाला जा चुका है। सुनवाई के दौरान असम सरकार के वकील ने तर्क दिया कि आरोपी प्रोफेसर आदतन अपराधी है और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने की उसकी आदत है। आरोपी के वकील ने माफी मांगने की दलील दी, लेकिन कोर्ट ने इसे अस्वीकार कर दिया। मामले में आरोप पत्र दाखिल हो चुका है।
