
इंदौर. मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर ने सिविल जज (जूनियर डिविजन) परीक्षा 2022 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया. घोषित सूची में इंदौर की भामिनी राठी ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर शहर का नाम गौरवान्वित किया है.
हाईकोर्ट की परीक्षा शाखा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार चयन सूची वेब साईट पर जारी कर दी गई है. इस परीक्षा में लिखित और साक्षात्कार को मिलाकर कुल 450 अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की गई. भामिनी राठी ने 291.83 अंक प्राप्त कर अखिल भारतीय स्तर पर टॉप किया है. नोटिफिकेशन में बताया गया है कि यह परिणाम मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में लंबित रिट पिटीशन अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा. वहीं, परीक्षार्थियों के स्कोर कार्ड शीघ्र ही वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे, जिन्हें उम्मीदवार लॉगिन कर डाउनलोड कर सकेंगे. उच्च न्यायालय द्वारा घोषित सूची में 47 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिनमें सामान्य वर्ग से 41, ओबीसी वर्ग से 5 और एससी वर्ग से 1 उम्मीदवार शामिल हैं. भामिनी राठी की इस सफलता से इंदौर के न्यायिक व शैक्षणिक जगत में हर्ष की लहर है. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों को देते हुए कहा कि “लगन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
