दमोह: कुडई और सोजना पिपरिया गांव के पास बिछुआ क्षेत्र में अरहर की फसल में एक तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि पिछले दो-तीन दिनों से तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद वन विभाग की टीम लगातार तलाश में जुटी थी।आज दोपहर अचानक अरहर के खेत में छिपे तेंदुए ने दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिससे दोनों को हाथ में चोट आई। घायलों छत्रपाल सिंह लोधी और भल्लू सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद प्रत्येक को 1000 की सहायता राशि दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओ एम.डी. मानिकपुरी, वन रेंजर विक्रम चौधरी, हटा वन रेंजर ऋषि तिवारी सहित वन विभाग का स्टाफ मौके पर पहुंचा। ड्रोन की मदद से तेंदुए की तलाश जारी है। बाहरी रेस्क्यू टीम भी बुला ली गई है। मौके पर पटेरा पुलिस एएसआई दिलीप सिंह और वन विभाग की टीम मौजूद हैं। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और अफवाहों से बचें।
