जनजातीय गौरव दिवस भाजपा का राजनीतिक दिखावा: विक्रांत

भोपाल: आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने भाजपा सरकार की आदिवासी नीतियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा मनाया जाने वाला जनजातीय गौरव दिवस मात्र “राजनीतिक दिखावा” है। उनका कहना है कि कांग्रेस पार्टी आदिवासी समाज के वास्तविक अधिकारों और हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रही है, जबकि भाजपा केवल बड़े आयोजन और प्रचार पर ध्यान देती है।

 

डॉ. भूरिया ने कहा कि आदिवासी समाज का वास्तविक सम्मान तभी संभव है जब उनकी शिक्षा, रोजगार, सांस्कृतिक गरिमा और ज़मीन व जंगल पर उनके अधिकार सुरक्षित किए जाएं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस सरकार के समय ही राज्य में आदिवासी दिवस को सरकारी स्तर पर मनाने की शुरुआत की गई थी, ताकि आदिवासी पहचान को सम्मान मिले।”

उन्होंने सीधी पेशाब कांड, नीमच और नेमावर जैसी घटनाओं का ज़िक्र करते हुए कहा कि ये घटनाएं भाजपा शासन की नीतिगत विफलता और प्रशासनिक असंवेदनशीलता को दर्शाती हैं। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी कल्याण के लिए निर्धारित 1.25 लाख करोड़ रुपये के ट्राइबल सब-प्लान फंड को विभिन्न विभागों में बाँट दिया गया, जिससे यह अपने उद्देश्य तक नहीं पहुंच सका।

डॉ. भूरिया ने सरकार से सवाल पूछा कि आदिवासियों की ज़मीन और जंगल के अधिकारों पर बात करने पर उन्हें अनदेखा क्यों किया जाता है, वनाधिकार के दावों पर निर्णय वर्षों तक लंबित क्यों रहते हैं, और युवाओं के लिए रोजगार योजनाएँ सिर्फ़ दस्तावेज़ों तक ही क्यों सीमित हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासियों को विकास का साझेदार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, न कि उन्हें केवल राजनीतिक प्रतीक के रूप में उपयोग करने के लिए।

Next Post

कांग्रेस नेता ने स्कूटी से किया एसआईआर प्रक्रिया का जमीनी निरीक्षण

Tue Nov 11 , 2025
भोपाल: भोपाल की नरेला विधानसभा में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) का कार्य इन दिनों जारी है, जिसके चलते मतदाताओं के साथ-साथ बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जहां भाजपा नेता इस मुद्दे पर केवल बयानबाज़ी करते दिखाई दे […]

You May Like