सिरोंज: थोक अनाज तिलहन व्यापार संघ सिरोंज के तत्वावधान में मंडी व्यापारियों ने कलेक्टर के नाम अनुविभागीय अधिकारी को तहसील परिसर में ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने नई मंडी में स्थानांतरण से पूर्व उनके हित में नीति बनाने और वर्ष 2005 के नियम लागू कर उसी के तहत प्लॉट आवंटित करने की मांग की।
संघ अध्यक्ष समीर भार्गव ने कहा कि सिरोंज मंडी का स्थानांतरण भोपाल रोड पर प्रस्तावित है, इसलिए नई जगह तय करने से पहले व्यापारियों की राय ली जाए। उन्होंने कलेक्टर गाइडलाइन हटाकर इंडस्ट्रियल गाइडलाइन पर प्लॉट देने की मांग करते हुए कहा कि जब उद्योगपतियों को लीज मामूली दर पर मिलती है, तो मंडी व्यापारियों को भी रियायती दर पर जमीन मिलनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि सिरोंज मंडी में वर्तमान में 70 प्रतिशत उपज की तौल बड़े कांटे से की जा रही है, लक्ष्य 100 प्रतिशत का रखा गया है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनके हितों को ध्यान में रखकर नीति नहीं बनाई गई तो वे नई मंडी में प्लॉट क्रय नहीं करेंगे
