
शाजापुर। पहाड़ों की बर्फबारी व पश्चिमी विक्षोभ के कारण नगर का तापमान लगातार कम होता जा रहा है. जिससे लोगों को नवंबर माह में ही दिसंबर की सर्दी का एहसास होने लगा है. मौसम विभाग की माने तो आगामी दिनों में हवाओं की गति बढऩे के साथ ही तापमान में और गिरावट होगी.
हालांकि दिन में तीखी धूप खिलने से हल्की गर्मी जरूर महसूस हो रही है, लेकिन सूरज ढलते ही लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है. मौसम में हो रहे इस परिवर्तन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सोमवार को नगर का अधिकतम तापमान 27.1 व न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री दर्ज किया गया जो रविवार को 27.2 व 9.7 डिग्री दर्ज किया गया था. मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि कुछ दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा. संभावना है आगामी दिनों में तापमान 7 या 6 डिग्री भी जा सकता है.
सुबह से चल रही सर्द हवाएं
इसके एक सप्ताह पहले तक दिन में गर्मी का एहसास हो रहा थाए लेकिन मौसम में आए अचानक बदलाव से अब लोगों को कड़ाके की ठंड महसूस होने लगी है. सोमवार सुबह से ही ठंडी हवाओं ने सर्दी का असर बढ़ा दिया. दोपहर में हल्की धूप से थोड़ी जरूर मिल रही है, लेकिन शाम होते ही फिर ठंड से लोगों को ठिठुरना पड़ रहा है.
इसलिए सर्द हुआ मौसम…
मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि तापमान में यह गिरावट पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई है. तापमान में गिरावट के कारण सुबह.शाम ठंड का प्रकोप बढ़ गया है. शहर के बाहरी इलाकों में घना कोहरा भी देखा जा रहा है. जिससे विजिब्लिटी कम हो गई है और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. यह विक्षोभ हिमाचल प्रदेश के ऊपर पश्चिमी हवाओं के ट्रफ के रूप में सक्रिय है, जिसके चलते हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई है. विशेषज्ञ ने यह भी बताया कि बर्फबारी के बाद चल रही ठंडी हवाओं का असर शाजापुर सहित पूरे मालवा क्षेत्र में महसूस किया जा रहा है. आगामी 24 घंटों में मौसम शुष्क रहने के साथ तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की संभावना है.
