ग्वालियर: डबरा बायपास हाइवे पर सहराई पुल के नजदीक एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को कुचल दिया। घटना में 7 वर्षीय नातिन के साथ उसके नाना-नानी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तत्काल बाद घटनास्थल पर ही मासूम की मौत हो गयी जबकि 55 वर्षीय नानी ने दरमियानी रात 1 बजे अंतिम सांस ली। नानी हादसे के बाद से ही बेहोश थी। वेंटिलेटर पर जीवन के लिये संघर्ष कर रही थी। यह घटना ग्वालियर-डबरा-झांसी हाइवे की है।
हादसे में घायल मासूम के नाना की हालत भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ग्वालियर के लक्ष्मीगंज निवासी जंडेल सिंह परिहार बाइक से दतिया के इंदरगढ़ के लिए निकले थे। उनके साथ पत्नी लता परिहार (55 वर्ष) और सात वर्षीय नातिन निवृति (पुत्री राजकुमार सिंह) भी थी। तीनों को एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होना था।
जब वे ग्वालियर-झांसी हाइवे पर डबरा के सहराई पुल के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डबरा सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। डबरा सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने सात वर्षीय निवृति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, नाना-नानी की गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को ग्वालियर के जेएएच ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था।
