सतना: शहर के सेमरिया चौक से सटी चौपाटी और भैंसाखाना के निकट से दबोचे गए 2 आरोपियों के पास से पुलिस ने प्रतिबंधित और नशे में इस्तेमाल होने वाले 284 नग कैप्सूल बरामद किए. जिसे देखते हुए आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस और ड्रग कंट्रोल एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया.
कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर के जरिए इस बात की सूचना मिली थी कि एक युवक प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल के साथ खड़ा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने समय गंवाए बिना सेमरिया चौक चौपाटी के निकट पहुंचकर घेराबंदी कर दी.
इसी दौरान वहां पर मोटरसाइकिल सवार एक युवक खड़ा नजर आया. पुलिस को देखते ही उसने हड़बड़ाहट में भागने का प्रयास किया. लेकिन इसके बावजूद भी पुलिस ने उसे दबोच लिया. पूछताछ किए जाने पर युवक की पहचान अजय कुमार सोनी उर्फ अज्जू पिता गुलाबचंद्र उम्र 30 वर्ष निवासी बगहा वार्ड क्र. 3 के तौर पर हुई. इसी कड़ी में जब युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास से कुल 136 नग स्पास्पो प्रोक्सीवान प्लस कैप्सूल बरामद हुए. पुलिस के अनुसार उक्त कैप्सूल न सिर्फ नशे में इस्तेमाल किए जातते हैं बल्कि प्रतिबंधित भी हैं. जिससे देखते हुए आरोपी के विरुद्ध धारा 8 21 22 एनडीपीएस एक्ट और 5/13 ड्रग कंट्रोल एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज करते हुए कार्रवाई की गई. आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने के साथ ही उसकी बाइक को भी जब्त कर लिया गया.
पान के टपरे में बिक रहा नशा
कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भैंसाखाना क्षेत्र में स्थित एक पान के टपरे में छापेमारी की. टपरे में रखे एक थैले की तलाशी लिए जाने पर उसमें 6 पत्ते यानी 48 नग प्रतिबंधित नशीला कैप्सूल रखा मिला. जिसकी कीमत 11 हजार 540 रु आंकी गई. जिसे देखते हुए पुलिस ने आरोपी मोहम्मद रज्जक उर्फ मुन्ना पिता अब्दुल रज्जक उम्र 52 वर्ष निवासी नवदुर्गा चौक भैंसाखाना को गिरफ्तार कर एनडीपीएस-ड्रग कंट्रोल एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया.
