शिवपुरी: जिले के बैराड़ कस्बे में प्रशासन ने घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम अनुपम शर्मा के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने कई होटलों और प्रतिष्ठानों पर छापामार जांच की। इस दौरान 4 होटलों से कुल 13 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनका अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। प्रशासन ने होटल संचालकों के खिलाफ केस तैयार कर लिया है।
खाद्य विभाग की टीम ने इस कार्रवाई के तहत कुल 13 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। चरन सिंह होटल से 5 सिलेंडर, राजू होटल से 3 सिलेंडर, भंडारी होटल से 2 सिलेंडर, जय मां भदेरा वाली नाश्ता सेंटर से 3 सिलेंडर जब्त किए गए। जब्त किए गए सभी सिलेंडरों को कालामढ़ इंडेन गैस एजेंसी, बैराड़ की सुपुर्दगी में दिया गया है। जांच टीम के अनुसार, यह कार्रवाई “द्रवित पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000” के उल्लंघन के तहत की गई है। संबंधित होटल संचालकों के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण तैयार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजा गया है।
