नयी दिल्ली 08 नवम्बर (वार्ता) बंगलादेश में शेख हसीना सरकार के अपदस्थ होने के बाद से पाकिस्तान और बंगलादेश के संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में चल रही कवायद के बीच पाकिस्तान नौसेना का युद्धपोत ‘पीएनएस सैफ’ शनिवार को चटगांव बंदरगाह पहुंचा है। यह भी महत्वपूर्ण है कि पाकिस्तानी युद्धपोत की बंगलादेश यात्रा भारतीय सशस्त्र बलों के महत्वाकांक्षी अभ्यास ‘त्रिशूल’ के समय हो रही है।
बंगलादेश की नौसेना ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी देते हुए कहा कि पाकिस्तानी नौसेना का युद्धपोत ‘पीएनएस सैफ’ चार दिन की सद्भावना यात्रा पर बांग्लादेश के चटगांव बंदरगाह आया है। बंगलादेश नौसेना ने कहा है कि उसके अधिकारियों ने पाकिस्तानी युद्धपोत का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उसने उम्मीद जताई है कि यह यात्रा दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच सौहार्दपूर्ण और सहयोगात्मक संबंधों को मजबूत बनाएगी। बंगलादेश नौसेना ने कहा, ” आज 8 नवंबर को पाकिस्तानी नौसेना का जहाज पीएनएस सैफ कैप्टन शुजात अब्बास राजा के नेतृत्व में चटगांव बंदरगाह पहुंचा। चटगांव नौसेना क्षेत्र के कमांडर ने पाकिस्तानी जहाज का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर बांग्लादेश स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के प्रतिनिधि और नौसेना के स्थानीय उच्च पदस्थ अधिकारी उपस्थित थे।”
बंगलादेश नौसेना के अनुसार इससे पहले जब इस जहाज ने बांग्लादेशी समुद्री सीमा में प्रवेश किया तो बांग्लादेशी नौसेना के युद्धपोत ने उसका औपचारिक स्वागत किया। उसने उम्मीद जताई कि यह सद्भावना यात्रा बांग्लादेश और पाकिस्तानी नौसेना के बीच सौहार्दपूर्ण और सहयोगात्मक संबंधों को और मज़बूत करेगी।
दरअसल बंगलादेश में हसीना सरकार के अपदस्थ होने के बाद से पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तान की सेनाएं बंगलादेश में निरंतर सक्रियता बढा रही हैं जिससे दोनों देशों के बीच नजदीकी बढती दिख रही है।
