ग्वालियर:ग्वालियर में एक बार फिर बांग्लादेशी कनेक्शन सामने आया है. पुलिस ने पॉश इलाके गोविंदपुरी से एक फ्लैट में छापा मारकर एक युवती को हिरासत में लिया है, जिसके पास से बंग्लादेशी होने के सबूत मिले हैं. वो बगैर किसी वैध दस्तावेज के यहां गैर कानूनी ढंग से रह रही थी. पुलिस ने एक युवक को भी हिरासत में लिया है, जो उसका फ्रेंड भी है. फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है. एसएसपी धर्मवीर सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि एक युवती अवैध रूप से भारत आईं और ग्वालियर में रह रही थी. उसे हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि विश्वविद्यालय इलाके मे एक संदिग्ध बंगलदेशी महिला एक फ्लैट में रह रही है.
विवि थाना पुलिस ने पहले इसकी गोपनीय ढंग से तस्दीक की, जब मामला सही लगा तो पुलिस ने उस फ्लैट में जाकर युवती से पूछताछ की और फ्लैट की तलाशी ली. इस दौरान उसके पास से बांग्लादेश के दस्तावेज मिले हैं. हालांकि वो भारतीय नागरिकता से जुड़े कोई दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सकी. देर रात से युवती से यूनिवर्सिटी थाने में पूछताछ चल रही थी. युवती जिसके जरिये यहां आई, उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. युवती के मोबाइल में कई संदिग्ध नंबर और चैट रिकार्ड भी मिले हैं. जिनकी पड़ताल की जा रही है.
अब तक की पूछताछ मे सामने आया है कि महिला ढाका के एक दलाल अनीस शेख के जरिये उसे देह व्यापार के धंधे में धकेला गया. इसके बाद भारत भेज दिया गया. ग्वालियर में वह राजेंद्र नामक युवक के संपर्क में थी. यहां भी वो अनैतिक कामों में लिप्त थी. पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि उसके जैसी और भी युवतियों को देह व्यापार के लिए लाया गया, जो अलग-अलग शहरों में हैं.
