सर्वोच्च न्यायालय का हालिया निर्णय,जिसमें हर गिरफ्तारी का कारण लिखित रूप से देना अनिवार्य ठहराया गया है दरअसल,भारतीय लोकतंत्र में व्यक्तिगत स्वतंत्रता की रक्षा को नई ऊंचाई देता है. ‘मिहिर राजेश शाह बनाम महाराष्ट्र राज्य’ मामले से उपजा यह फैसला केवल एक चर्चित दुर्घटना से जुड़ा न्यायिक हस्तक्षेप नहीं, बल्कि पूरे आपराधिक न्याय तंत्र की संरचना को अधिक पारदर्शी, अधिक जवाबदेह और अधिक मानवीय बनाने वाला ऐतिहासिक कदम है. भारतीय संविधान का अनुच्छेद 22(1) लंबे समय से यह सुनिश्चित करता आया है कि किसी भी नागरिक को उसकी गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराया जाए. लेकिन व्यवहारिक दुनिया में यह अधिकार अक्सर मौखिक जानकारी, अस्पष्ट शब्दों और पुलिस की सुविधानुसार की गई व्याख्याओं के बीच खो जाता था. अदालत ने इस बुनियादी अधिकार को व्यावहारिक धरातल पर मजबूत करने का जो निर्णय लिया है, उससे स्पष्ट संदेश जाता है कि मौलिक अधिकार केवल सिद्धांत नहीं, बल्कि अमल में उतारी जाने वाली संकल्पना हैं. न्यायालय ने कहा है कि गिरफ्तारी चाहे किसी भी कानून के तहत हो,चाहे दंड संहिता हो या नया भारतीय न्यायिक संहिता 2023,गिरफ्तार व्यक्ति को गिरफ्तारी का आधार लिखित रूप में दिया ही जाना चाहिए. यह जानकारी उस भाषा में होनी चाहिए जिसे आरोपी समझ सके. अदालत ने गिरफ्तारी के क्षण को आदर्श माना है, और यदि किसी कारणवश वह संभव न हो, तो कम से कम मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने से दो घंटे पहले यह लिखित कारण उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा. इस आदेश की असली शक्ति उसके परिणामों में निहित है. यदि पुलिस अधिकारी इन दिशानिर्देशों का पालन नहीं करते, तो गिरफ्तारी और उसके बाद की रिमांड अवैध मानी जाएगी. न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि ऐसी स्थिति में आरोपी को रिहा करने की स्वतंत्रता होगी. यह प्रावधान पुलिस और जांच एजेंसियों पर वास्तविक अंकुश के रूप में कार्य करेगा और उन्हें गिरफ्तारी के निर्णय में अधिक सावधानी और विवेक अपनाने के लिए बाध्य करेगा. यह फैसला बताता है कि राज्य की शक्ति लोगों की स्वतंत्रता को कुचलने का हथियार नहीं बन सकती.यह भी महत्वपूर्ण है कि अदालत ने गिरफ्तारी के लिखित कारण देने को केवल तकनीकी औपचारिकता नहीं माना, बल्कि एक ऐसा साधन बताया है जो आरोपी को तुरंत कानूनी सहायता लेने में सक्षम बनाता है. जब गिरफ्तारी का आधार स्पष्ट होगा, तब न्याय प्रक्रिया में देरी कम होगी, बेवजह की हिरासतें घटेंगी, और व्यक्ति को अपनी रक्षा करने का अवसर समय पर मिलेगा. कुल मिलाकर यह फैसला उस संवैधानिक भावना को पुन: स्थापित करता है जिसमें स्वतंत्रता को सर्वोच्च मूल्य माना गया है. एक ऐसी व्यवस्था में, जहां अक्सर शक्तियां असंतुलित हो जाती हैं, सर्वोच्च न्यायालय का यह हस्तक्षेप नागरिकों को यह भरोसा दिलाता है कि न्यायपालिका संवैधानिक अधिकारों की प्रहरी है. यह फैसला न केवल पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार लाएगा, बल्कि उस व्यापक लोकतांत्रिक विश्वास को भी मजबूत करेगा कि राज्य का हर कदम कानून और विवेक की सीमाओं के भीतर रहकर ही उठाया जाना चाहिए. बहरहाल,व्यक्तिगत स्वतंत्रता की रक्षा की दिशा में यह निर्णय भारतीय न्याय व्यवस्था के लिए सचमुच एक नया अध्याय है पूरी तरह से स्वागत योग्य, आवश्यक और भविष्य को दिशा देने वाला है.
