गणना फॉर्म 4 दिसम्बर तक भरकर लौटाना आवश्यक

जबलपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जबलपुर जिले में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को जनभागीदारी से अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं निर्वाचन साक्षरता क्लब के नोडल अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राघवेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन तथा स्‍वीप नोडल अधिकारी अभिषेक गहलोत के निर्देशन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति परस्ते ने की। श्रीमती परस्ते ने एक विस्तृत पावर प्‍वाइंट प्रेजेन्‍टेशन के माध्यम से एसआईआर प्रक्रिया की रूपरेखा, उद्देश्य, समयरेखा और पात्र मतदाता की परिभाषा पर गहन जानकारी दी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बीएलओ द्वारा प्रत्येक परिवार तक पहुँचाए जा रहे गणना फॉर्म को 4 दिसम्बर तक भरकर अनिवार्य रूप से लौटाना आवश्यक है, अन्यथा संबंधित व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने इस प्रक्रिया को लोकतंत्र को मजबूत बनाने का सामूहिक प्रयास बताते हुए ‘हर पात्र मतदाता – हर सही नाम’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता पर बल दिया।

बैठक का संचालन करते हुए जिला स्वीप समन्वयक डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव ने निर्वाचन साक्षरता क्लबों की भूमिका को रेखांकित किया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि हैशटैग के साथ एक डिजिटल प्रचार अभियान शुरू किया जाएगा। जिसमें छात्रों द्वारा तैयार किए गए वीडियो, पोस्टर और रील्स के माध्यम से मतदाता सूची सुधार का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा।

 

Next Post

विश्व कप विजेता क्रांति गौड़ का छतरपुर में भव्य स्वागत

Fri Nov 7 , 2025
छतरपुर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी क्रांति सिंह गौड़ शुक्रवार को वर्ल्ड कप जीत के बाद पहली बार अपने गृह जिले छतरपुर पहुंचीं। उनके आगमन पर जिले में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। खजुराहो से लेकर घुवारा और छतरपुर शहर तक भव्य स्वागत कार्यक्रम […]

You May Like