
सीधी। प्रदेशभर के किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को सीधी कलेक्ट्रेट स्थित वीथिका भवन प्रांगण में विशाल धरना प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों और प्राकृतिक आपदाओं की दोहरी मार से प्रदेश का किसान टूट चुका है। जब तक किसानों को उनका हक़ और सम्मान नहीं मिलेगा, कांग्रेस उनकी आवाज बुलंद करती रहेगी। धरना में सीधी, सिहावल, सिंगरौली, रीवा और शहडोल संभाग के हजारों किसान शामिल हुए, जिन्होंने भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कमलेश्वर पटेल ने एडीएम को मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा, जिसमें प्रभावित किसानों को मुआवजा, बिजली बिल वसूली पर रोक, एमएसपी पर फसल खरीदी, बाणसागर नहरों की सफाई और आवारा पशु नियंत्रण जैसी प्रमुख मांगें शामिल थीं। धरना सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक चला और परिसर किसानों की भीड़ से भरा रहा।
