
सिलवानी। दीपावली पर्व समाप्त होते ही क्षेत्र के किसान रबी फसलों की तैयारी में पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। खेतों में दिनभर ट्रैक्टरों की गड़गड़ाहट सुनाई दे रही है और किसान गेहूं व चने की बोवनी के लिए खेतों की जुताई और हकाई में व्यस्त हैं। कई किसानों ने बीज तैयार कर लिया है, जबकि कुछ स्थानों पर चने की बोवनी प्रारंभ भी हो चुकी है।
इस वर्ष पर्याप्त वर्षा से खेतों में नमी बनी हुई है, जिससे बेहतर पैदावार की उम्मीद की जा रही है। वहीं, खाद-बीज की दुकानों पर किसानों की भीड़ बढ़ गई है। कृषि यंत्रों, पंपों और सिंचाई उपकरणों की बिक्री में भी तेजी आई है। कुओं और ट्यूबवेलों में पर्याप्त जलस्तर के चलते इस बार रबी फसलों की सिंचाई में किसी परेशानी की संभावना नहीं है। किसान अब समय पर बोवनी सुनिश्चित करने में जुटे हैं।
