काशी, अयोध्या की तर्ज पर मनाई देव दीपावली, 21 हजार दीयों से जगमगाया मेढ़ौली घाट

सिंगरौली। मोरवा स्थित मेढ़ौली छठ घाट पर इस वर्ष देव दीपावली का आयोजन बेहद भव्य और अनूठा रहा। कार्तिक पूर्णिमा की पावन संध्या पर घाट पर जलते 21 हजार दीयों की रोशनी ने वातावरण को आध्यात्मिकता, भक्ति और भारतीय सांस्कृतिक गर्व से भर दिया।

सूर्य पूजन डाला छठ पूजा समिति द्वारा आयोजित इस समारोह में काशी और अयोध्या की झलक देखने को मिली। जहां एक ओर काशी की तर्ज पर अलौकिक गंगा आरती हुई, वहीं अयोध्या की भांति दीपों से घाट जगमगाया और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बता दें कि लगातार चार वर्षों से यह आयोजन किया जा रहा है। मोरवा वासियों का उत्साह इस आयोजन में स्पष्ट नजर आया और शाम से ही घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सैकड़ों छात्रों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भाग लिया। छात्र-छात्राओं और अन्य संस्थानों के छात्रों ने कई घंटे की मेहनत से मनमोहक रंगोलियाँ बनाई। इन रंगोलियों में जल संरक्षण, वायु प्रदूषण और मोरवा के विस्थापन के दर्द को रेखांकित किया गया। जिसने समाज और प्रशासन को सोचने पर मजबूर कर दिया। पटना से आए कलाकारों की भक्ति प्रस्तुति ने वातावरण को दिव्यता से भर दिया। जबकि आकाश में छूती शानदार आतिशबाजी ने उत्सव को और रोमांचक बना दिया। जबलपुर और प्रयागराज से आए पुजारियों द्वारा विधिवत गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसे देखकर लोगों को काशी का अलौकिक दृश्य याद आ गया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों में ननि महापौर रानी अग्रवाल, ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Next Post

सिंधी समाज ने श्रद्धा और उत्साह से मनाया गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व

Wed Nov 5 , 2025
रायसेन। सिंधी समाज ने बुधवार को गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाया। सुबह मुखर्जी नगर गुरुद्वारा से बैंड-बाजों के साथ प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। दिनभर विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सिंधी समाज […]

You May Like