
नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के जावी गांव निवासी 19 साल के किशोर का शव मंदसौर में एक कुएं से बरामद हुआ है। इस संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर मंगलवार को परिजन और समाजजन आज बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।
आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए घर से निकला था युवक
परिजनों के मुताबिक, किशोर आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद वह लापता हो गया। उसके मोबाइल की अंतिम लोकेशन मंदसौर के कृषि कॉलेज क्षेत्र में पाई गई थी।
नीमच सिटी पुलिस और मंदसौर पुलिस ने संयुक्त रूप से खोजबीन की। इसी दौरान किशोर का शव कृषि कॉलेज परिसर स्थित एक कुएं से बरामद हुआ।
जांच कर दोषियों पर सजा दिलाने की मांग
परिवार ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की गंभीर आशंका जताई है। उनका कहना है कि घटना के कई दिन बाद भी पुलिस ने मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं किया है। पीडि़त परिवार और समाजजनों ने एसडीएम से मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषियों को जल्द सजा दिलाने की मांग की है।
