
उज्जैन। बीती रात तराना तहसील में दो सडक़ हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दो गंभीर घायल हैं जिन्हें उपचार के लिए उज्जैन रैफर किया गया है। पुलिस ने मामले में ट्रक और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मृतकों के पोस्टमार्टम कराए हैं।
तराना थाना पुलिस ने बताया कि तोतला मार्ग पेट्रोल पंप के सामने बाइक पर सवार ओंकार पिता शिवलाल गुर्जर 35 वर्ष निवासी गुराडिय़ा गुर्जर माकड़ोन और उसका साथी मानसिंह पिता शंकरलाल गुर्जर 60 वर्ष निवासी खारपा कायथा को ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में ओंकार गुर्जर की मौत हो गई। मानसिंह घायल हुआ है। दुर्घटना की जानकारी लगने के बाद परिजन तराना अस्पताल पहुंचे थे। जहां सामने आया कि मृतक और घायल ग्राम सालाखेड़ी से वापस लौट रहे थे। दोनों खेती किसानी का काम करते थे। पुलिस के अनुसार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी दुर्घटना घोड़ीबड़ला ट्रेंचिंग ग्राउण्ड के समीप हुई। ट्रैक्टर चालक ने बाइक पर सवार लखन पिता चंदरसिंह गुर्जर 42 वर्ष निवासी राघवी और उसके साले अरविंद पिता अंबाराम गुर्जर निवासी सिद्धिपुर निपानिया को टक्कर मार दी थी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद लखन गुर्जर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है जो मौके से भाग निकला था।
