
शाजापुर।जिले के बेरछा थाने में पदस्थ एएसआई भंवर सिंह सिसौदिया को एक वीडियो सामने आने के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. इस वीडियो में एएसआई को कथित तौर पर रिश्वत की बात करते हुए देखा गया था. मामले की जांच बेरछा एसडीओपी रवि प्रकाश कौल को सौंपी गई है, जिसे सात दिनों में पूरा किया जाएगा.यह वीडियो रविवार को वायरल हुआ था. हालांकि यह करीब सवा तीन महीने पुराना बताया जा रहा है. वीडियो में एएसआई सिसौदिया बेरछा थाना परिसर में एक बेंच पर बैठे मारपीट के एक आरोपी से बात कर रहे हैं. इसमें वह कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं कि पुलिस इसलिए पैसे लेती है क्योंकि उसे सभी को बांटना होता है. बेरछा एसडीओपी रवि प्रकाश कौल ने मंगलवार सुबह 9 बजे बताया कि रविवार के अवकाश के कारण उन्हें जांच संबंधी डाक सोमवार शाम को मिली. कौल के अनुसार जांच एक सप्ताह के भीतर पूरी कर ली जाएगी. जांच में संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जाएंगे और वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जाएगी.
