ब्यावरा। मैंटेनेंस के नाम पर घंटो तक बिजली गुल रहती है, मैंटेनेंस के बाद भी बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है. रविवार को विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा सब स्टेशन के तहत मैंटेनेंस कार्य किया गया. इसके दूसरे ही दिन सब स्टेशन पर सीटी (करंट ट्रांसफार्मर) ब्लॉस्ट हो गया जिसके कारण दो घंटे तक नगर में बिजली गुल रही.
गौरतलब है कि आये दिन विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा मैंटेनेंस कार्य किया जाता है जिसके चलते घंटो तक बिजली सप्लाई बंद रहती है. परन्तु विद्युत उपकरणों में होने वाले फाल्ट नहीं रुक पा रहे है. सोमवार को दोपहर करीब 2.30 बजे स्थानीय शहीद कॉलोनी स्थित विद्युत सब स्टेशन पर मौजूद सीटी (करंट ट्रांसफार्मर) में एकाएक ब्लॉस्ट हो गया जिससे बिजली सप्लाई ठप्प हो गई. सिटी, विकास एवं तलावड़ा फीडर के तहत बिजली सप्लाई बंद हो गई. टीम द्वारा इसे दुरस्त करने का कार्य शुरु किया गया. तत्श्चात शाम 4.34 बजे बिजली सप्लाई सुचारु हो सकी.
मैंटेनेंस के बाद भी फुंक रहे उपकरण
विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा आये दिन शेड्यूल जारी कर मैंटेनेंस का कार्य किया जाता है. विशेष बात यह है कि इतने व्यापक स्तर पर मैंटेनेंस करने के बाद भी विद्युत उपकरणों में खराबी का दौर जारी है.
रविवार को सब स्टेशन के तहत मैंटेनेंस का कार्य किया गया जिसके चलते सिटी, विकास एवं तलावड़ा फीडर के अंतर्गत प्रात: 10 से दोपहर 2.30 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रखी गई और दूसरे ही दिन शहीद कॉलोनी स्थित सब स्टेशन पर सीटी (करंट ट्रांसफार्मर) फुंक गया.
नहीं मिल रही पर्याप्त बिजली
अधिकांशत: ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से सिंचाई के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. शासन द्वारा ग्रामीण क्षत्रों में दस से बारह घंटे बिजली सप्लाई के आदेश दिए गये है किंतु देखने में आ रहा है कि अधिकतम 6 से 7 से घंटे ही बिजली मिल पा रही है. कहीं पर तो इससे भी काफी समय के लिए बिजली मिल पा रही है. नरसिंहगढ़ रोड स्थित ग्राम पगारा, पगारी, नलखेड़ा, खजुरिया सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्र में बहुत ही कम समय बिजली मिलने से सिंचाई नहीं कर पा रहे है. साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि आये दिन मैंटेनेंस के नाम पर कई घंटे की कटौती करने से सिंचाई नहीं कर पा रहे है.
