
नीमच/जावद। जावद तहसील के ग्राम गुजरखेड़ी तालाब क्षेत्र में रविवार को एक बाड़े में रखे भूसे में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। हादसे में बाड़े में बंधे दो मवेशी जिंदा जल गए और एक टैंकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाड़े में भारी मात्रा में भूसा जमा था, जिसके कारण आग तेजी से फैली और पूरे परिसर को चपेट में ले लिया। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक भूसे का बड़ा भंडार जलकर राख हो चुका था।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। घटना से गांव में शोक का माहौल है और पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है।
